अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के गांधीपार्क थाना क्षेत्र के गांव बौनेर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि ससुरालियों ने मारपीट की और जहर देकर महिला को मार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह है मामला
हाथरस के सादाबाद के गांव दौमी निवासी 34 वर्षीय द्रौपदी की शादी 18 साल पहले गांधीपार्क क्षेत्र के गांव बौनेर निवासी युवक से हुई थी। द्रौपदी के भाई कुलब सिंह ने बताया कि इसी घर में छोटी बहन प्रेमवती की भी शादी की थी। आरोप है कि द्रौपदी का पति दारू पीता है और सट्टा खेलता है। इसीलिए उसने मंगलवार शाम को द्रौपदी के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि रात में उसे जहर दे दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार दोपहर को द्रौपदी ने दम तोड़ दिया। गांधीपार्क थाना प्रभारी वंशीधर पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।