नोएडा। एसटीएफ टीम पर हमला करने व बीस से अधिक मामलों में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मनोज आसे के साथ पुलिस की मुठभेड हो गई। पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एच्छर चौकी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान, स्वात टीम प्रभारी यतेंद्र कुमार, एच्छर चौकी इचार्ज अनुज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। हाल में शासन द्वारा तैयार प्रदेश के बड़े माफिया की सूची में मनोज आसे व उसके गैंग का नाम भी शामिल है।
मनोज आसे पिछले लंबे समय से जरायम की दुनिया में शामिल है। पूर्व में वह सुंदर भाटी गैंग में था। वर्ष 2016 सुंदर के भतीजे अनिल से विवाद के बाद मनोज ने अपना अलग गैंग बना लिया था। स्क्रैप, कंपनियों में वाहन लगने के साथ ही वह फैक्ट्रियों से रंगदारी वसूलता था।
थार सवार युवक का स्टंट करते हुए वीडियो वायरल, कटा 25,500 का चालान
कुछ वर्ष पूर्व उसने एसटीएफ की बुलेट प्रूफ गाड़ी पर गोली चला दी थी और फरार हो गया था। उसके ऊपर हत्या के पांच, अपहरण, रंगदारी, धमकी सहित विभिन्न मामले में अलग-अलग कोतवाली में बीस से अधिक मामले दर्ज हैं। गौतमबुद्ध नगर के साथ ही वह दिल्ली-एनसीआर में भी सक्रिय था।
पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। सूचना मिली थी मनोज किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। एच्छर क्षेत्र में पुलिस व स्वात टीम के साथ उसकी मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है।