नई दिल्ली। शाह रुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म पठान का नया गाना बेशरम रंग हाल ही में रिलीज किया गया था। इस गाने में शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण ने काफी बोल्ड सीन दिए हैं। इस बीच फिल्म के इस गाने के सीन को लेकर काफी विवाद भी हुआ है। दरअसल दीपिका पादुकोण ने गाने में भगवे रंग की ड्रेस पहन रखी है। वहीं शाह रुख खान हरे रंग की शर्ट पहने नजर आ रहे है। इसे लेकर काफी विवाद हुआ है और दोनों को काफी ट्रोल भी किया गया।
बेशरम रंग पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है
अब इस पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पठान फिल्म के गाने में एक्ट्रेस की ड्रेस और सीन को ठीक किया जाना चाहिए, अन्यथा इस फिल्म को मध्यप्रदेश में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। वहीं मध्यप्रदेश के प्रतिपक्ष और कांग्रेस के नेता गोविंद सिंह ने भी इस सीन को लेकर आपत्ति जताई थी और उन्होंने भी इस पर कड़ा ऐतराज जताया था।
‘दीपिका पादुकोण टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक है’
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा, ‘कॉस्टयूम काफी आपत्तिजनक है और इसे देखकर साफ पता चलता है कि यह दूषित मानसिकता से शूट किया गया है। वहीं दीपिका पादुकोण टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक है। इसलिए इस सीन को ठीक करना होगा।’ वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, ‘जो सीन दिखाया गया, वह काफी गंदा है। भारतीय संस्कृति इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकती। यह हमारे देश की परंपरा नहीं है कि अर्धनग्न सीन युवाओं के बीच परोसे जाए। जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है। मैं इसकी कठोर निंदा करता हूं। भाजपा की सरकार में पैसा दो, आर्डर लो चल रहा है। संस्कृति केवल भाजपा के भाषणों में है।’
केन विलियमसन ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ी, ये दिग्गज बना न्यूजीलैंड का नया कप्तान
गोविंद सिंह ने सेंसर बोर्ड पर भी प्रश्नचिन्ह उठाया
गोविंद सिंह ने सेंसर बोर्ड पर भी प्रश्नचिन्ह उठाया। उन्होंने कहा, ‘सेंसर बोर्ड ने इसकी अनुमति कैसे दी। पहले पैसे देकर काम कराया जाता है। इसके बाद उस बात को तूल देकर वातावरण खराब किया जाता है।’ भगवा रंग को बेशरम रंग कहने पर भी नेता प्रतिपक्ष ने गलत बताया। उन्होंने फिल्म के आपत्तिजनक दृश्यों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। शाह रुख खान के बेशरम रंग गाने को 2 दिन में 3 करोड़ 20 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस गाने में दीपिका पादुकोण का ग्लैमरस अंदाज फैंस को काफी पसंद आया। पठान फिल्म 25 जनवरी 2023 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को सोशल मीडिया पर बॉयकॉट करने की मांग भी बड़ी तेजी से उठ रही है। फिल्म में जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे।