उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में शादी के तीसरे ही दिन भाग रही दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पति का कहना है कि वह उसे चकमा देकर भाग रही थी। घटना आगरा के ट्रांस यमुना थानाक्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि युवती ने ठगी के लिए शादी रचाई थी। दूसरे दिन ही फरार हो गई थी। पुलिस ने उसे पकड़ा। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। एक बिचौलिया ने 70 हजार रुपये में युवक की शादी कराई थी।
थाना प्रभारी ट्रांस यमुना सुमनेश विकल ने बताया कि नगला रामबल निवासी अनिल कुमार की 18 दिसंबर को मंदिर में शादी हुई थी। अनिल ने शादी के लिए अपने परिचित राजेश कुमार दोहरे से कहा था। राजेश ने सासनी, हाथरस निवासी सुनील से मिलवाया। सुनील ने उसकी पहचान प्रदीप नाम के युवक से कराई। प्रदीप ने एक लड़की दिखाई। उसका नाम माह उर्फ रजनी बताया। कहा दोनों एक दूसरे को पसंद कर लो। दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया।
इस दौरान प्रदीप ने बताया कि लड़की गरीब घर से है। दोनों तरफ का खर्चा लड़के वाले को उठाना होगा। अनिल इसके लिए तैयार हो गया। 70 हजार रुपये दे दिए। 18 दिसंबर को अनिल मंदिर में शादी करके दुल्हन को अपने घर ले आया। दुल्हन ने शादी के दूसरे दिन बीमारी का ड्रामा किया। वह दवा लेने के बहाने पति के साथ घर से बाहर निकली। उसे हाथरस मार्ग पर ले गई। वहां प्रदीप पहले से मौजूद था। उससे फोन पर बातचीत कर रहा था। दुल्हन फरार हो गई। सूचना पर पुलिस हरकत में आई। नई नवेली दुल्हन को पकड़ा।
दुल्हन बोली-अनिल से शादी रुपये के लिए ही की थी
पूछताछ में दुल्हन ने बताया कि वह मूलत: कटघर, मुरादाबाद की निवासी है। पुलिस नहीं पकड़ती तो वह भाग ही जाती। उसे अनिल से कोई मतलब नहीं। शादी तो उसने रुपये के लिए की थी। 70 हजार में उसका भी हिस्सा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा लिखा था। पुलिस ने बुधवार को दुल्हन को कोर्ट में पेश किया था। पुलिस ने वहां तेर्क रखा कि इसका पता सही नहीं पता। थाने से जमानत दी गई तो दोबारा किसी के साथ इसी तरह ठगी करेगी। पहले इसके नाम पते का सत्यापन जरूरी है। इसी आधार पर कोर्ट ने आरोपित दुल्हन को जेल भेज दिया।