साहिबाबाद। पुलिस ने शुक्रवार रात साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र के शालीमार गार्डन में किराए के फ्लैट में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। मौके से पांच महिलाओं और तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में दो गिरोह की संचालिका हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी साहिबाबाद अंशु जैन ने बताया कि सूचना के आधार पर शुक्रवार रात शालीमार गार्डन के एक फ्लैट में छापा मारा गया। उसमें देह व्यापार होता मिला।
पांच महिला और तीन युवक गिरफ्तार
मौके से पांच महिलाओं और तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। युवकों की पहचान टीला मोड़ के सूरज, मानसरोवर दिल्ली के दीपक पांचाल और बादलपुर गौतमबुद्धनगर के वकील के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार पांच महिलाओं में दो गिरोह की संचालिका हैं। उन्होंने करीब तीन माह पहले किराए पर फ्लैट लिया था। सभी आरोपितों के खिलाफ साहिबाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फोन नंबर से करती थीं संपर्क
अंशु जैन ने बताया कि गिरोह को चलाने वालीं दोनों महिलाएं बहुत ही शातिर हैं। दोनों स्थान बदल-बदल कर गिरोह का संचालन करती हैं। उनके पास देह व्यापार करने वालीं महिलाओं व युवती और ग्राहकों का मोबाइल नंबर है। उन नंबरों से उनसे संपर्क करती थीं। बातचीत तय होने पर देह व्यापार करने वाली युवतियों व ग्राहकों को फ्लैट मुहैया कराती थीं। इसके बदले दोनों से रुपये लेती थीं। कुछ माह बाद स्थान बदल देती थीं। इस कारण पुलिस की पकड़ में नहीं आ रही थीं। उन्होंने बताया कि गिरोह की संचालिकाओं, देह व्यापार करने वालीं महिलाओं व ग्राहकों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।