गाजियाबाद /साहिबाबाद। लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के रिश्तेदार के घर शुक्रवार तड़के डकैती डालने की कोशिश के दौरान गोली लगने से मृत संदिग्ध युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे दो गोली लगी थी। दिल में लगने वाली गोली से उसकी मौत हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। उससे पता चला है कि उसको दो गोली लगी थी। दोनों गोलियां शरीर से पार हो गई थीं। एक गोली पीठ से पार होकर दिल में घुसकर बाहर निकली थी। उसी से उसकी मौत हुई थी। दूसरी गोली भी पीठ में लगी थी। सीने को चीरते हुए बाहर निकल गई थी। गोली लगने वाले स्थानों पर ब्लैक स्पाट यानी सटाकर गोली मारने की निशानी नहीं मिली है। अन्य कोई गंभीर चोट भी नहीं लगी थी।
शिनाख्त की कोशिश में जुटी पुलिस
मृतक की उम्र करीब 28 साल है। पुलिस उसकी शिनाख्त की कोशिश कर रही है। जिले के अलावा, दिल्ली व आसपास के जनपदों के थानों में उसकी फोटो भेजी है। इंटरनेट मीडिया पर भी फोटो व विवरण साझा किया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि फोटोयुक्त पंपलेट भी चस्पा कराया जाएगा।
लाइसेंस की जांच करेगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि योगेंद्र कुमार मावी के पास लाइसेंसी पिस्टल है। उसी से चली गोली लगने से संदिग्ध युवक की मौत हुई है। उस पिस्टल का लाइसेंस जांचा जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया जाएगा। उससे पता चलेगा कि लाइसेंस कहां-कहां के वैध है। कानून के जानकारों की मानें तो यदि लाइसेंस गाजियाबाद के लिए वैध नहीं होगा तो योगेंद्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी कैमरों व मोबाइल नंबरों को खंगाला
:पुलिस ने घटना स्थल, आसपास और रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। उसमें से कोई अहम जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों को खंगाला शुरू किया है। अब तक उससे भी कोई अहम जानकारी नहीं हासिल हुई है।
यह है था पूरा मामला
नंद किशोरी गुर्जर के ममेरे साले प्रापर्टी डीलर योगेंद्र कुमार मावी परिवार के साथ एमएसडी कालोनी के पास जावली रोड पर रहते हैं। शुक्रवार तड़के पांच-छह बदमाशों ने उनके घर में घुसकर डाका डालने की कोशिश की थी। बदमाशों ने उनके ऊपर फायरिंग की थी। उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की थी। उनके बालकनी में मौजूद एक संदिग्ध युवक की गोली लगने से मौत हुई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ डकैती की कोशिश और घर में घुसने के प्रयत्न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।