अलीगढ़। खैर कस्बा के गौमत चौराहे के पास मंगलवार की रात एक युवक ने मकान में घुस कर एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। भागते युवक का भीड़ ने पीछा किया तो उसने खुद के सिर में भी गोली मार ली। इसे जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जबकि महिला का इलाज सीएचसी खैर में चल रहा है। महिला ब्यूटी पार्लर संचालक है, जिसके पति से हमलावर का कई महीने से विवाद चल रहा है। इस घटना को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह है मामला
घटना करीब आठ बजे की है। गौमत चौराहे के पास रहने वाले अनिल शर्मा की पत्नी 35 वर्षीय रेनू शर्मा घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती है। कस्बेे के मोहल्ला नई बस्ती का विनोद महिला के घर में घुस गया और गोली चला Woman shot दी। उस समय अनिल बाजार गए थे। घर में पत्नी व दो बच्चे ही थे। रेनू के हाथ में गोली लगी। चीख पुकार सुन आसपास के लोग आ गए, तभी विनोद भाग निकला। लोगों ने डंडे लेकर इसका पीछा किया।
युवक ने खुद ही कनपटी पर मार ली गोली
विनोद गौमत गांव की तरफ भागने लगा। इसने भीड़ पर तमंचा ताना तो लोगों ने ईंट-पत्थर हाथ में ले लिए। विनोद जान बचाने के लिए एक प्राइवेट हास्पीटल में घुस गया। यहां से कर्मचारियों ने बाहर निकाल दिया। तब विनोद ने खुद को कनपटी के पास गोली मार ली, जो कि अंदर नहीं गई। कनपटी को रिगड़ते हुए निकल गई।
पुलिस ने युवक को पकड़ा
मौके पर आई पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। क्राइम इस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा व सोफा चौकी इंचार्ज गौरव चौधरी ने मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचा। यहां से विनोद को रेफर कर दिया गया। क्राइम इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि घायल महिला के पति अनिल शर्मा ने विनोद के खिलाफ प्राण घातक हमले की तहरीर दी है। इसमें बताया है कि आरोपित युवक पुराना परिचित है। और हमसे रंजिश मानता है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।