नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिले में एंबुलेंस के लिए रास्ता मांगने पर दो आरोपितों ने एक व्यक्ति को पीटकर उनका मोबाइल भी लूट लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार दो फरवरी को पीड़ित संजय बाइक से अपने घर जा रहे थे।
आश्रम फ्लाईओवर के पास उन्होंने देखा कि ट्रैफिक जाम में एक एंबुलेंस फंसी है। एक कार की वजह से एंबुलेंस का मार्ग बाधित है। संजय ने कार चालक के पास जाकर उससे एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए कहा। कार चालक ने उनकी बात नहीं मानी। इस पर संजय ने कार चालक की वीडियो बनानी शुरू कर दी। यह बात कार चालक को नागवार गुजरी। वह साथी के साथ कार से उतरा और दोनों ने संजय की पिटाई कर दी।
इसके बाद दोनों आरोपित पीड़ित का मोबाइल लूटकर भाग गए। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की कार का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया। रजिस्ट्रेशन नंबर से पुलिस कार मालिक तक पहुंची तो उसने बताया कि उनकी कार को मैकेनिक सर्विसिंग के लिए ले गया है। पुलिस ने कार के सर्विस सेंटर पर जाकर गाड़ी जब्त कर ली। वहीं, पुलिस ने एक आरोपित को मालवीय नगर व दूसरे को आरोपित प्रकाश को गाजियाबाद के खोड़ा से गिरफ्तार कर लिया है।