नई दिल्ली। हरिनगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हरिनगर थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पीड़िता हरिनगर इलाके में रहती है और एक फैक्ट्री में काम करती है।
बुधवार सुबह किसी ने पुलिस को फोन कर बताया कि पार्क के पास एक युवती खून से लथपथ अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें पास के अस्पताल में पहुंचाया।
यहां पीड़िता ने बताया कि वह मंगलवार को अपनी फैक्ट्री से वापस घर आ रही थी। रात करीब आठ बजे मायापुरी के पास पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपितों में एक युवक उनके साथ फैक्ट्री में काम कर चुका था। उसने उनका मोबाइल छीन लिया और दोनों आरोपितों ने उनका मुंह और गला दबाकर उन्हें खींचते हुए पास के पार्क में ले आए, जहां आरोपितों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इसके बाद पीड़िता को आरोपित एक झुग्गी में ले गए। जहां उन्हें बंधक बनाकर फिर से हैवानियत की गई। सुबह उनके चंगुल से भागकर पीड़िता पार्क के पास पहुंची। जहां से एक राहगीर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामले की जांच जारी है।
उधर, विकासपुरी थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला तब सामने आया जब उनकी तबीयत बिगड़ी। किशोरी को उनकी मां ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तो पता चला कि वे एचआइवी से ग्रस्त हैं। इसके बाद किशोरी से उनकी मां ने बात की तो पता चला कि उनके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उनके साथ दुष्कर्म किया था। अब पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।