राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 52 में रहने वाली एक महिला की उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से दहेज के लिए हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने सोमवार को बताया कि सेक्टर 52 में रहने वाली सुजाता का शव रविवार को उसके घर पर संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका हुआ मिला था।
ज्ञान सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और उसके पति नितिन ने दावा किया था कि सुजाता ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि इस बाबत मृतका के परिजनों ने आज शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी सुजाता की उसके पति नितिन गौतम और दो अन्य ने दहेज के लिए हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नामजद दो आरोपी फरार हैं।