शिकागो। अमेरिका के शिकागो शहर में गुरुवार सुबह एक यात्री ट्रेन रेल उपकरण से टकरा गई। इस दुर्घटना में करीब 40 लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकागो से स्कोकी जा रही थी ट्रेन
शिकागो अग्निशमन विभाग के अनुसार, शिकागो ट्रांजिट अथॉरिटी की यह ट्रेन शहर के उत्तरी हिस्से में हावर्ड सीटीए स्टेशन के पास स्थानीय समयानुसार सुबह 10.35 बजे बर्फ हटाने वाले एक उपकरण से टकरा गई। येलो लाइन की यह यात्री ट्रेन 31 यात्रियों और नौ सीटीए कर्मियों को लेकर शिकागो से स्कोकी जा रही थी।
घटना स्थल पर भेजी गई 15 एबुलेंस
चिकित्सा प्रमुख कीथ ग्रे ने बताया कि चार बच्चों समेत 38 घायलों का उपचार हो रहा है, जिनमें तीन की हालत गंभीर है । घटनास्थल पर 15 एंबुलेंस भेजी गईं है।
सीटीए अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सीटीए ने अपनी वेबसाइट में कहा कि दुर्घटना के कारण रेड, पर्पल, येलो लाइन पर ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।