ग्रेटर नोएडा : नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित तुगलपुर में चल रहे अवैध बार का पुलिस व आबकारी विभाग ने भंडाफोड़ किया है। नाइजीरिया के रहने वाले दो युवक बार का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बियर व शराब बरामद की है। मौके से पकड़े गए दोनों विदेशी नागरिकों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पांडेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि तुगलपुर में विदेशी नागरिक अवैध रूप से बार संचालित कर रहे हैं। एसीपी महेंद्र सिंह देव, आबकारी इंस्पेक्टर राहुल प्रताप व नालेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह के साथ छापेमारी की गई। मौके से दो युवक नाइजीरिया के रहने वाले चार्ल्स व मदू इबोका को गिरफ्तार किया गया। आरोपित अको रोयलटी के नाम से बार चला रहे थे। पुलिस ने मौके से 116 केन बियर, दस बोतल बियर, तीन रेड वाइन व शराब बरामद की है। बरामद शराब व बियर हरियाणा मार्का है। आरोपित चार्ल्स ने भारतीय महिला से शादी की हुई है। वह ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। ग्रेटर नोएडा में जब भी विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चला तो पुलिस ने चार्ल्स की मदद ली। वह लंबे समय से विदेशी नागरिकों के बीच प्रधान के नाम से चर्चित है।