नई दिल्ली। आनंद विहार बस अड्डे के बाहर से दिनदहाड़े बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में यात्रियों को बहला फुसलाकर मिनी बस में अगवा कर लिया। चलती बस में 16 यात्रियों को धरा-धमकाकर लूटपाट की, विरोध करने पर यात्रियों को पीटा। बस जब शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पहुंची तो यात्रियों ने शोर मचा दिया, वहां से गुजर रहे पुलिस टीम ने आवाज सुनकर किसी तरह से बस को रूकवाया।
पुलिस देखते ही बदमाश घबरा गए, भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने बस चालक व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान लोनी निवासी चालक सत्यपाल सिंह, गाजीपुर गांव निवासी विपिन शर्मा व मनोज कुमार और खिचड़ीपुर गांव निवासी दीपू के रूप में हुई है।
लूट का सामान बरामद
शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने बिनीत कुमार नाम के यात्री की शिकायत पर अपहरण, लूट की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत की है। बदमाशों के पास से लूट का माल भी बरामद कर लिया है।
भगवा टी-शर्ट पहने और हाथों में भगवा ध्वज और हथियार लहराते हुए जय श्रीराम के जयकारों के बीच निकली हनुमान जयंती की विशाल शोभा यात्रा
बस में यात्रियों को बैठाया
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस वर्ष उसने इस वर्ष 12वीं की परीक्षाएं दी हैं और झारखंड के जामताड़ा का रहने वाला है। उसके चाचा का बेटा रोहिणी में रहता है। वह शुक्रवार दोपहर को जामताड़ा से आनंद विहार पहुंचा, बस अड्डे के बाहर खड़ा होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी एक मिनी बस आकर रूकी और उसमें से दो युवक नीचे उतरे और बस रोहिणी जाने की बात कहकर युवक को उसमें बैठा लिया।
इसके बाद आरोपितों ने बस फरीदाबाद, राजस्थान, बाहरी दिल्ली, रोहिणी जाने की बात कहकर कई महिला व पुरुष सवारियों को बस में धोखे से बैठा लिया। जब सवारियों ने बस में आपस में बात की तो उन्हें बस चालक व उसके साथियों पर शक हुआ, क्योंकि बस पर आनंद विहार से पुरानी दिल्ली लिखा हुआ था।
यात्रियों ने बस से उतरने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया, चलती बस में लूटपाट की। जिसने विरोध किया उसे पीट दिया। हरियाणा जाने वाली दो सवारियों से सामान लूटकर उन्हें शाहदरा के पास उतार दिया। बाकी यात्रियों को उतरने नहीं दिया।
बस जब शास्त्री पार्क पहुंची तो यात्रियों ने पुलिस टीम को देखकर शोर मचा दिया। एसआई परवेश कुमार, हेड कांस्टेबल रहीस व अन्य ने बस को रूकवाया और चारों बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।
बस में लूटपाट की पुरानी वारदात की क्रोनोलॉजी
28 फरवरी 2023 : नंद नगरी इलाके में मिनी बस में यात्रियों से लूट, विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से हमला।
11 नवंबर 2022 : कल्याणपुरी इलाके में चलती मिनी बस में चाकू की नोक पर बदमाशों ने 11 यात्रियों से की लूट।