गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के दीपक विहार में सड़क पर शुक्रवार दोपहर में जुमा की नमाज पढ़ी गई थी। उसकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद पुलिस की जांच में इसका राजफाश हुआ है। नेहरू गार्डन पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेम सिंह ने मामले में मस्जिद के इमाम के खिलाफ अतिक्रमण की धारा में रिपोर्ट कराई है। इस मामले में स्थानीय पुलिस की लापरवाही पूरी तरह से सामने आई है।
विकास तिवारी शांडिल्य नामक ट्विटर हैंडल से शनिवार को दीपक विहार में सड़क पर नमाज पढ़ने की तस्वीर ट्वीट की गई थी। उपनिरीक्षक प्रेम सिंह ने मामले की जांच की। उसमें आया कि शुक्रवार को दोपहर में डेढ़ बजे दीपक विहार में ख्वाजा गरीब नवाज मस्जिद के सामने 25-30 मुस्लिम लोगों ने सड़क पर नमाज पढ़ी थी।
मूल रूप से पिंदाल थाना आजमनगर जिला कटिहार, बिहार के मोहम्मद नाजिर हुसैन मस्जिद के इमाम हैं। उन्होंने मुस्लिम लोगों को सड़क पर नमाज पढ़ाई थी। इससे जिले में लागू धारा-144 का भी उल्लंघन हुआ है। प्रेम सिंह ने इमाम मोहम्मद नाजिर हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में आग सवारियों ने कूदकर बनाई जान
पुलिस की लापरवाही उजागर
शुक्रवार को जुमा की नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस के तैनात होने का दावा किया जाता है। इस मामले ने इस दावे की पूरी तरह से पोल खोल दी है। इससे साफ हो गया है कि जुमे की नमाज के दौरान यहां पुलिस नहीं थी। पुलिस होती तो सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। इससे स्थानीय पुलिस की लापरवाही सामने आई है।
लोगों को होती है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सड़क पर नमाज पढ़ी जाने के कारण आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। जब तक नमाज पढ़ी जाती है रास्ता बंद रहता है। इस वजह से कई बार विवाद की स्थिति भी बनती है। इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए।