गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सिलेंडर फटने से ढाई मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। इस हादसे में एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अफसरों को तत्काल मौके पर जाने का निर्देश दिया है।
हादसा लोनी थाना क्षेत्र के बबलू गार्डन इलाके में हुआ। यहां ऑटो मैकेनिक मुनीर का ढाई मंजिला मकान था। इस मकान में मुनीर की पत्नी, चार बेटे, दो बहू और बच्चे रहते हैं। सुबह करीब 10 बजे घर की रसोई में खाना बन रहा था। हादसे के वक्त मुनीर और उसका एक बेटा घर से बाहर थे। आशंका है कि सिलेंडर में गैस लीकेज होने से रसोई में आग लग गई। जिसके चलते सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।
देखते ही देखते पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया।
मलबे में परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग दब गए तत्काल स्थानीय पुलिस, फायर विभाग की टीम और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी से मलबा हटाया गया।
घायलों को मलबे से निकालकर तत्काल अस्पताल में भेजा गया।
इस हादसे में गृहस्वामी मुनीर के बेटे मुज्जसर की पत्नी रुकैय्या (24) साल, रुकैय्या की 10 माह की बेटी इनायत और मुनीर की बेटी सानिया (15 साल) समेत चार की मौत हो चुकी है। जबकि शबनूर , बेबी और अयान को अस्पताल भेजा गया है।
मौके पर आई जी प्रवीण कुमार और DM गाजियाबाद राकेश कुमार सिंह भी पहुंचे।