नीरज शर्मा की रिपोर्ट
जहाँगीराबाद : शुक्रवार को क्षेत्र स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड के जीएम व सीसीओ ने मिल के बाह्य क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एक क्रय केंद्र पर तौल लिपिक की भारी कमियां पाए जाने पर उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। जबकि दूसरे क्रय केंद्र पर गन्ना ढुलाई के लिए निर्धारित ठेकेदार पर जुर्माने की कार्यवाही की गई।
प्रधान प्रबन्धक वैभव मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर क्षेत्र के भैलई व रौंडा ए का सीसीओ मनोज शर्मा के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भैलई क्रय केंद्र पर कॉन्ट्रेक्ट पर रखे गए तौल लिपिक द्वारा सूखा व जड़ पत्ती सहित गन्ना क्रय किया जा रहा था। साथ ही किसानों का अनावश्यक रूप से उत्पीड़न भी किया जा रहा था जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रधान प्रबन्धक ने तौल लिपिक जितेंद्र सिंह की सेवाएं तत्काल रूप से समाप्त कर दीं। इसके साथ ही रौंडा ए क्रय केंद्र पर निर्धारित अवधि में गन्ने का उठान न होने के कारण मिल को सही समय पर ताजा गन्ना नहीं मिल पा रहा था। जिस पर प्रधान प्रबन्धक ने कार्यवाही करते हुए गन्ना ढुलाई ठेकेदार पर अनुबंध की धाराओं के अनुसार जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही प्रधान प्रबन्धक ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर किसानों को उससे जोड़ने का काम भी शुरू किया है।