ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नॉएडा के गांव घरबरा में मंगलवार को कुछ महिलाओं के बीच हुई कहासुनी के बाद एक जिम ट्रेनर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को भी इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अभी कई आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
इकोटेक वन कोतवाली पुलिस के मुताबिक घरबरा गांव में मंगलवार की सुबह एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। महिलाओं की इस लड़ाई में दोनों परिवारों के पुरुष भी शामिल हो गए थे। विवाद इतना बढ़ गया था कि एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग की थी। इस बीच एक गोली दूसरे पक्ष के युवक जिम ट्रेनर प्रवीण की छाती में जा लगी थी। इससे प्रवीण लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा था। गंभीर हालत में प्रवीण को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पीड़ित पक्ष के मोनू ने आरोपी पक्ष के सुनील, अनिल और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी रोहित उर्फ ओमकार निवासी घरबरा को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार किया था। पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।