ग्रेटर नॉएडा। दादरी के नई आबादी मोहल्ले में एक महिला को देह व्यापार में धकेलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। यह महिला अपनी बड़ी बहन के यहां रहने के लिए आई थी। अब उसकी बड़ी बहन उस पर देह व्यापार करने का दबाव बना रही है। इस पर सहमत न होने पर महिला के साथ मारपीट भी की जाती है। उस महिला ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इस मामले की शिकायत की।
जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर की रहने वाली एक महिला अपने परिवार के साथ रह रही थी। परिवार में दो बेटे, एक बेटी और पति है। जनवरी में महिला का पति से झगड़ा हो गया था। इसके बाद उस महिला की बड़ी बहन उसे कुछ दिन मन बहलने का बहाना कर अपने साथ दादरी ले आई। आरोप है कि पिछले 2 महीने से महिला पर देह व्यापार करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा न करने पर बड़ी बहन और जीजा उसके साथ मारपीट करते हैं। इससे महिला के चेहरे पर सूजन आ गई है और चोट के निशान बन गए हैं। शुक्रवार को महिला ने कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।