नीरज शर्मा की खबर
बुलन्दशहर: कलेक्ट्रेट के सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनपद में धान क्रय केन्द्रों पर लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक क्रय किये गये धान की समीक्षा करते हुए मण्डी सचिवों, पीसीएफ एवं भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों का धान अधिक से अधिक खरीदा जाये। किसानों के लिए क्रय केन्द्रों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये जिससे किसान निजी क्रय केन्द्र पर न जाकर सरकार द्वारा आवंटित क्रय केन्द्रों पर उचित मूल्य पर अपना धान बेच सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित/समर्थन मूल्य पर धान को खरीदा जाये। बैठक में धान क्रय की समीक्षा करते हुए पीसीएफ एवं भारतीय खाद्य निगम के क्रय केन्द्रों द्वारा जनपद में अभी तक धान क्रय नहीं किये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पीसीएफ प्रबन्धक-अखिलेश कुमार एवं भारतीय खाद्य निगम प्रबन्धक नन्दलाल के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 को निर्देशित करते हुए कहा कि वह आज धान क्रय केन्द्रों स्थलीय निरीक्षण करते हुए धान क्रय केन्द्रों के बन्द पाये जाने पर क्रय केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में उपस्थित धान क्रय से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में शासन द्वारा आवंटित धान क्रय के लक्ष्य को पूर्ण किया जाये। उन्होंने कहा कि जनपद के छोटे-मध्यमवर्गीय किसानों को धान बेचने में केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में शासन द्वारा धान क्रय के लिए दिये गये दिशा-निर्देशों के संबंध में भी विस्तृत रूप से निर्देशित किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल, अपर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।