नोएडा-दिल्ली बार्डर: संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। भारत बंद सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक रहेगा। इसके चलते नोएडा-दिल्ली पुलिस की ओर से बार्डर पर बैरिकेड लगाकर चेकिंग की जा रही है। वाहन चेकिंग के चलते नोएडा शहर में जाम की समस्या है। सबसे अधिक जाम डीएनडी बार्डर, कालिंदी कुंज बार्डर व चिल्ला बार्डर पर देखा गया है।
सोमवार सुबह से ही नोएडा पुलिस के साथ ही दिल्ली पुलिस ने सभी बार्डरों पर बैरिकेड लगाकर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। ट्रैक्टर ट्राली से दिल्ली जा रहे चालकों को वापस किया। इससे दूसरे वाहन चालकों को परेशानी हुई। देखते ही देखते जाम की समस्या बन गई। डीएनडी बार्डर पर तो दो किलीमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सप्ताह का पहला दिन होने के चलते दफ्तर जा रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की समस्या सेक्टर-61 से सेक्टर-18 एलिवेटेड रोड तक रही। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे-वे पर भीषण जाम रहा। इससे लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी। उधर मौके पर मौजूद यातायात पुलिस को जाम खत्म कराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि भारत बंद आह्वान के चलते दिल्ली-गाजीपुर की तरफ जाने वाले दोनों मार्ग को यातायात के लिए प्रतिबंधित किया गया है। इससे गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को नोएडा के रास्ते दिल्ली में प्रवेश लेना पड़ रहा है। इसके चलते ही यातायात का दबाव रहा है। सुबह आठ बजे से 11 बजे तक यातायात का दबाव डीएनडी पर अधिक रहा। हालांकि इसके बाद स्थिति सामान्य होती चली गई। वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके चलते प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
यहाँ पर जाम लग जाने की वजह से लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।