लुधियाना। पिता के दोस्त की हवस का शिकार हुई 13 वर्षीय बच्ची ने ढाई महीने पहले बेटे को जन्म दिया था। कमजोरी और बीमारी के कारण सोमवार सुबह बच्चे की मौत हो गई। थाना साहनेवाल की कंगनवाल चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। मंगलवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जांच अधिकारी एएसआइ कुलविंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर 12 दिसंबर, 2020 को सुरेश कुमार के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पत्नी के बीमार होने के कारण उसे अस्पताल में रहना पड़ रहा था। बच्चे घर में अकेले थे। उसने अपने दोस्त सुरेश कुमार को बच्चों का ध्यान रखने के लिए कहा था। रात को वह उसके घर आकर बच्चों के पास ही सोता था। एक रात को उसने 13 वर्षीय बेटी को डरा धमकाकर दुष्कर्म कर डाला।
पत्नी कई दिन अस्पताल में रही और इस दौरान आरोपित ने बेटी को कई बार हवस का शिकार बनाया। दिसंबर में बेटी ने पेट में दर्द की शिकायत की। डाक्टर से जांच करवाने पर पता चला कि वह आठ माह की गर्भवती है। बच्ची से पूछने पर उसने बताया कि आरोपित उसे डरा धमका कर दुष्कर्म करता था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश पर वह अभी जेल में है। जनवरी में नाबालिग ने बेटे को जन्म दिया जिसकी दो महीने 16 दिन बाद मौत हो गई।