नई दिल्ली। उज्बेकिस्तान से अपने बेटे का उपचार करवाने दिल्ली आई महिला को जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित ने दुष्कर्म कर उसका वीडियो भी बनाया। इसके बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी। केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपित महिला की दोस्त का लिव इन पार्टनर है और फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उनके बेटे को कई वर्ष से डिस्क को लेकर परेशानी हो रही थी। उसका इलाज करवाने के लिए वह वर्ष 2019 में भारत आई थी।
करती थी घरेलू सहायिका का काम
पीड़िता के साथ उनकी मां भी आई थी। कुछ महीने महिला के बेटे को डाक्टर ने अस्पताल में ही रखा। जब बेटे की तबीयत ठीक हुई तो अपनी मां के साथ उसने बेटे को उज्बेकिस्तान भेज दिया। इसके बाद वह उज्बेकिस्तान से आकर दक्षिणी दिल्ली में रह रहे लोगों के साथ ही रहने लगी। वहां पर वह घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।
हत्या कर पूजाघर में छिपाया शव: गवाह था न सबूत, लेकिन खून बोल उठा; धब्बों से खुला मासूम पर हुई क्रूरता का राज
इसी तरह समय बीतता गया। कुछ समय बाद उसकी दोस्त (उज्बेकिस्तान) उसे अपने साथ रोहिणी इलाके में लेकर आई। यहां वह अपने प्रेमी के साथ लिव इन में रहती थी। यहां पर महिला ने पीड़िता को अपने लिव इन पार्टनर से मिलवाया। आरोपित ने उसे आश्वासन दिया कि वह उसके वीजा की अवधि बढ़वाने में उसकी मदद करेगा।
आरोप है कि पांच मार्च को युवक ने उसे जूस पीने को दिया। जूस पीने के बाद वह बेहोश हो गई।इस दौरान युवक ने उससे दुष्कर्म किया व उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे धमकी देने लगा कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह यह वीडियो कई जगह प्रसारित कर देगा। किसी तरह उसने हिम्मत जुटाई व पुलिस को शिकायत की। केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।फिलहाल आरोपित फरार चल रहा है।