कथित शराब घोटाले के खिलाफ भाजपा 16 मार्च से जन जागरण अभियान की शुरुआत करेगी, जो 26 मार्च तक चलेगा। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा पिछले 15 दिनों से अरविंद केजरीवाल के त्यागपत्र को लेकर आंदोलन कर रही है। भाजपा शुरु से ही यह बात कहती रही है कि शराब घोटाले के मुख्य सूत्रधार अरविंद केजरीवाल हैं। जिस कमेटी में इस नीति की मंजूरी दी गई उसकी अध्यक्षता खुद केजरीवाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के 123 वार्ड में शराब के ठेके खोलने की अनुमति नहीं होने के बावजूद वहां ठेके क्यों खोले ?
बिधूड़ी ने आगे कहा कि देश का कानून दिल्ली सरकार को यह स्वीकृति नहीं देता कि शराब की बिक्री 10 बजे से बढ़ाकर 3 बजे तक कर दिया जाये। जबकि, इसके लिए पहले दिल्ली पुलिस से अनुमति और एन.ओ.सी. लेनी होगी, लेकिन केजरीवाल ने बिना अनुमति लिए समयावधि बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा अब शराब घोटाले में चुप नहीं बैठने वाली है और जब तक केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते हैं तब तक भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
उज्बेकिस्तान की महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, बेटे का इलाज करवाने आई थी पीड़िता
घर- घर तक जागरूकता फैलाएंगे भाजपा नेता
प्रदेश महासचिव कुलजीत सिंह चहल ने जन जागरण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 16 मार्च को भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने इलाके में घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएंगे और साथ ही केजरीवाल के शराब नीति में भ्रष्टाचार का उजागर करेंगे। 17 मार्च को दिल्ली भाजपा प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी।
जानें पूरा कार्यक्रम
भाजपा नेता कुलजीत सिंह चहल ने बताया, 18 मार्च को दिल्ली के प्रमुख बाज़ारों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 19, 20 और 26 मार्च को डोर टू डोर कैंपेन किया जाएगा। 21 मार्च को दिल्ली के जंतर मंतर पर एक विशाल विरोध प्रदर्शन कर केजरीवाल सरकार की बर्खास्तगी की मांग करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद 23 मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 25 मार्च को भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे दिल्ली के मंत्रियों और विधायकों के घर या कार्यालय के बाहर पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।