नोएडा। सोहरखा, होशियारपुर, मामूरा में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी ( बसपा) महानगर अध्यक्ष विनोद भारद्वाज ने बूथ कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बसपा महानगर अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं को वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा।
बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक में सेक्टर एवं बूथ कमेटी बनाने तथा पार्टी के संगठनात्मक ढांचा को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए बसपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि बसपा पार्टी नहीं विचार धारा है। महापुरुषों की विचारधारा है। जो पुरखों से चली आयी है और हमेशा चलती रहेगी। मायावती के हाथों को मजबूत करने के लिए हर एक कार्यकर्ताओं को जन जन तक पहुंच कर भाजपा सरकार के गलत नीतियों को बताना होगा। बसपा सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की विचार धारा से ओतप्रोत सर्व समाज की पार्टी है। दावा किया कि आने वाला समय बसपा का है। आगामी 2022 के चुनाव में जनता भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। भाजपा सरकार में महंगाई अपने चरम पर है। यह पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बनीं हुई है। गरीबों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच रहा है। चहुंओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बैठक में जानकारी दी गयी कि सभा का मुख्य उद्देश्य पार्टी अध्यक्ष कुमारी मायावती के आदेशानुसार बूथ कमेटी का गठन करना है। बसपा महानगर अध्यक्ष ने कहा की हमें अपने साथ सभी लोगों को मिलाकर चलना है चाहे वो किसी भी धर्म, समुदाय का हो। क्योंकि गरीबी और लाचारी किसी के भी धर्म -समुदाय को देख कर नहीं आती। 2022 में फिर से बसपा की सरकार बनाने तथा कुमारी मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। बैठक में संजय कुमार, संतरपाल, कपिल, योगेश, गोपीचंद, गौरव मौजद रहे।