लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जब तक बचपन स्वस्थ और सुरक्षित नहीं होगा तब तक सुनहरे उत्तर प्रदेश के सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में शिशु मृत्यु दर में कमी आई है, पर अब भी हमारे लिए यह एक बड़ी चुनौती है। हम इसे राष्ट्रीय औसत से नीचे लाने के लिए हर कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को अपने सरकारी आवास पर कोविड संक्रमण काल में छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए समर्पित विशेष टीकाकरण अभियान, आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत छूटे हुए लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरण तथा टीबी मरीजों की खोज के विशेष अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की हर प्रकार से सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार समर्पित है। कोविड संक्रमण काल में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी टीकाकरण का कार्य रुक गया था। अब अभियान चला कर इसे पूरा किया जाएगा। नवंबर 2020 से जनवरी 2021 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में प्रदेश के सभी ग्रामीण ब्लॉक, शहरी क्षेत्रों में लेफ्ट आउट एवं ड्रॉप आउट बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का कार्य बुधवार एवं शनिवार के साथ अब सोमवार को भी होगा। अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में टीकों से छूटे हुए बच्चों को समस्त खुराकों से आच्छादित किया जाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।