प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते दिनों हुई किशोरी की हत्या का सनसनीखेज राजफाश हुआ है। गुरुवार को पुलिस ने दावा किया कि मृतक किशोरी के भाई के साले ने ही वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित एकतरफा प्रेम करता था, किशोरी ने शादी से इन्कार किया तो उसने दुष्कर्म की कोशिश की। असफल होने पर गला दबाकर मार डाला। फिर शव के साथ दुष्कर्म कर उसे तालाब में फेंक दिया।
प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र में इंटरमीडिएट की छात्रा अपने स्वजन के साथ मेजा में रह रही थी। बीती 30 मई को वह बड़े भाई की कोरांव थाना क्षेत्र स्थित ससुराल गई थी। भाभी भी उसके साथ थी। बीती 31 मई की रात घर में आयोजित संगीत कार्यक्रम में नृत्य किया और गायब हो गई थी। बुधवार सुबह उसका शव गांव स्थित तालाब में मिला था। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई
पुलिस ने गुरुवार को रोहिणी कुशवाहा निवासी भैसोड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह किशोरी से प्रेम करता था। हालांकि, किशोरी प्रेम नहीं करती थी। जब वह नृत्य कर रही थी तभी उसने इशारा कर उसे तालाब के पास बुलाया। वह वहां पहुंची तो उसने शादी के लिए जोर डाला। किशोरी ने जब इन्कार किया तो रोहिणी आक्रोशित हो गया।
आरोपित रोहिणी किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। किशोरी भागने लगी तो उसे पकड़ लिया और भेद खुलने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव के साथ दुष्कर्म कर तालाब में फेंकने के बाद पत्थर रख दिया ताकि लाश ऊपर न आ सके।
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि कॉल डिटेल्स और हत्या वाली जगह पर रोहिणी की लोकेशन पता चलने के बाद यह तय हो गया था कि उसी ने हत्या की है। हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।