नीरज शर्मा की खबर
खुर्जा क्षेत्र के गांव पला में सेटेलाइट से पराली जलाने की मिली सूचना
जनपद में अब तक पराली जलाने के आ चुके हैं आठ मामले सामने
बुलंदशहर। धान की पराली जलाने वाले किसानों पर कृषि विभाग के साथ दिल्ली से सेटेलाइट से पैनी नजर रखी जा रही है। सोमवार दिल्ली से सूचना मिली है कि खुर्जा क्षेत्र के गांव पला में किसान ने पराली जलाई है। इस पर पराली जलाने वाले किसान की तलाश जारी है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
एनजीटी के साथ शासन ने इस बार धान की पराली जलाने पर सख्त रोक लगाई हुई है। आदेश है कि यदि कोई किसान पराली जलाता है तो उस पर जुर्माना लगाने के साथ उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाए। साथ ही पराली जलाने वाले किसानों पर दिल्ली से सेटेलाइट द्वारा भी नजर रखी जा रही है। उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि दिल्ली में सेटेलाइट से जनपद में एक और धान की पराली जलाने के मामले का खुलासा हुआ है। सूचना मिली है कि खुर्जा क्षेत्र के गांव पला में किसान ने धान की पराली जलाई है। इस किसान की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है। आरपी चौधरी ने बताया कि अब तक जनपद में धान की पराली जलाने के आठ मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने किसानों से धान की पराली न जलाकर उसे खेत में ही खाद बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने किसानों को इस बात से भी अवगत करवाया है कि धान की पराली जलाने से प्रदूषण होता है। खेत की उर्वरा शक्ति भी कम होने के साथ भूमि के मित्र कीट भी मर जाते हैं। पराली को खेत में खाद बनाने से भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और प्रदूषण भी नहीं होगा। किसान धान की पराली को खेत में नष्ट करने के लिए कृषि विभाग की ओर से किराए पर कृषि यंत्र प्राप्त कर सकते हैं।