कानपुर। चकेरी एयरपोर्ट के लिए गुरुवार का दिन काफी बड़ा और ऐतिहासिक था। पहली बार भारतीय वायुसेना का माल वाहक विमान सी-17 ग्लोब मास्टर फ्रांस से आक्सीजन प्लांट लेकर अहिरवां एयरपोर्ट पहुंचा। फ्रांस ने आक्सीजन उत्पादन करने की यह आधुनिक तकनीक भारत को दी है। अफसरों के मुताबिक आक्सीजन प्लांट एयरफोर्स के लिए ही भेजा गया है।
भारतीय वायुसेना का मालवाहक विमान सी-17 ग्लोब मास्टर गुरुवार दोपहर ढाई बजे अहिरवां एयरपोर्ट चकेरी पर उतारा गया। विमान के आगमन की ऑपरेटिंग एयरफोर्स ने अपने हाथों में ले रखी थी। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक विमान पहले गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतारा गया था। तत्पश्चात, वहां से उड़ान भरकर यह कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट निदेशक बीके झा ने बताया कि सी-17 ग्लोब मास्टर की लैंडिंग कानपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आक्सीजन प्लांट सेवन एयरफोर्स हास्पिटल के लिए आया है।
कारगिल युद्ध में अहम भूमिका निभा चुका है सी-17 ग्लोब मास्टर: कारगिल युद्ध के दौरान सी-17 ग्लोब मास्टर अहम भूमिका निभा चुका है। कारगिल के दुर्गम स्थानों पर रसद और सैन्य साजोसामान पहुंचाकर विमान ने अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन किया था। विमान ने आगरा एक्सप्रेस वे पर लैंडिंग कर सबको चौंका दिया था।