नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में दहेज उत्पीड़न का एक अजीब मामला सामने आया है। मायके से अतिरिक्त दहेज ना लाकर देने पर एक विवाहिता का पति उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाता है। मना करने पर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती है। आरोप है कि विवाहिता का जेठ भी उस पर गंदी नजर रखता है। पीड़ित विवाहिता ने नोएडा के थाना सेक्टर 63 में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
नोएडा के सेक्टर-63 के 25 फुटा रोड निकट आदर्श पब्लिक स्कूल निवासी मोहनी (काल्पनिक नाम) ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि 22 फरवरी 2023 को उसकी शादी हन्नी के साथ हुई थी। शादी के समय उसके परिजनों ने अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था, लेकिन इससे हन्नी व उसके परिजन संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति, जेठ व जेठानी ने कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने मारने शुरू कर दिए। दहेज के नाम पर उसे प्रताडि़त किया जाने लगा।
पति को जेठानी के साथ पकड़ा
मोहनी का कहना है कि उसका पति उस पर लगातार अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए जोर डालता था। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। पीड़ित के मुताबिक उसने अपने पति को भी जेठानी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद उसका उत्पीड़न लगातार बढ़ता चला गया। इस दौरान उसके जेठ दीपक ने भी उसके साथ गलत संबंध बनाने की कोशिश की। इस बारे में जब उसने अपने पति को बताया तो उल्टा उसके साथ ही मारपीट की गई।
तीन महीने से मायके में है विवाहिता
मोहनी के मुताबिक शादी के महज तीन माह के बाद ही वह अपने मायके चली आई। 26 जून 2023 को उसके माता-पिता का रिश्तेदार उसकी ससुराल पहुंचे, जहां उसके पति में ससुराल वालों ने उनके सामने दहेज में 200000 रूपये तथा कार देने की मांग रख दी। ससुरालियों ने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह उसे घर में नहीं घुसने देंगे।
थाना सेक्टर-63 प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर पीड़िता के पति हन्नी, जेठ प्रवीण, दीपक, जेठानी आरती, शालू, ननद अलका व संजय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।