गाजियाबाद। पुलिस और लुटेरे की मंगलवार दोपहर साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र के आनंद औद्योगिक क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से घायल लुटेरा गिरफ्तार हुआ। उसके कब्जे से चोरी की बाइक, तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ। अपने साथियों के साथ ट्रक लूटता था। उसके 11 साथी पूर्व में साहिबाबाद कोतवाली से जेल जा चुके हैं।
हिंडन पुल पर चला चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस टीम हिंडन पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रूकने का इशारा किया। वह पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया।
जवाबी फायरिंग में दाहिने पैर में लगी गोली
दिल्ली में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, नौकरानी सहित पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट
आनंद औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। वह बाइक सहित गिर गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान शातिर लुटेरे नीलमणि कालोनी अर्थला के मुनाजिर के रूप में हुई। वह मूल रूप से ग्राम खासपुर थाना कमरगांव जिला बदायूं का है। पूछताछ में पता चला कि उसके गिरोह में 15 सदस्य हैं। वह साथियों के साथ मिलकर ट्रक लूटता था। अन्य साथी उसका फर्जी कागजात तैयार करके उसे खपाते थे। सितंबर में गिरोह के 11 सदस्य साहिबाबाद कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े थे। तीन सदस्य अब भी फरार हैं। ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
इस तरह काम करता था गिरोह
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर से ट्रक चोरी करता था। उसका इंजन व चेसिस नंबर बदलकर हिमाचल प्रदेश व पंजाब में उसका फर्जी कागजात तैयार करता था। ट्रक को बंधक बनाकर बैंक से लोन ले लेता था। उसके बाद ट्रक को काटकर कल-पुर्जे बेच देता था।