गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद की डीएलएफ कालोनी में बृहस्पतिवार देर रात बदमाशों ने महिला की हत्या करके फ्लैट में लूटपाट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू की। डीएलएफ कालोनी में संतोष कुमार 20 वर्षीय पत्नी संतोषी और मां पद्मावती के साथ रहते हैं। वह दिल्ली में नौकरी करते हैं।
वह बृहस्पतिवार देर रात वह फ्लैट पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। उनकी पत्नी संतोषी का शव बाथरूम में पड़ा था। बदहवास स्थिति में उनकी 70 मां बालकनी में पड़ी थीं। कमरे में अलमारी खुली थी। उसमें रखे गहने व रुपये गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। पता चला कि महिला की हत्या तार से गला घोंट कर की गई है। आलमारी का लाकर तोड़कर गहने व रुपये लूटे गए हैं।
संदिग्ध हिरासत में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आया है कि संतोष के ऊपर का फ्लैट निर्माणाधीन है। उसमें विपिन और कुछ कामगार रहते हैं। कामगार अकसर पानी व अन्य सामान लेने उनके फ्लैट में आते रहते थे। बृहस्पतिवार की रात भी कुछ कामगार उनके फ्लैट पर आए थे। उन्होंने उनकी मां को बालकनी में धक्का देकर अंदर कमरे में कुंडी लगा ली थी। संतोष को शक है कि कामगारों ने ही लूट के लिए उनकी पत्नी की हत्या की है। लूट के दौरान हुई हत्या की जानकारी होने पर कार्यवाहक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मामले के राजफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। उन्हें जल्द से जल्द मामले का राजफाश करने का निर्देश दिया। मुनिराज जी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।