नई दिल्ली। जासूसी मामले में गृह मंत्रालय द्वारा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई को मामला दर्ज करने की अनुमति देने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) व दिल्ली सरकार के खिलाफ बीजेपी आक्रामक हो गई है। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सिसोदिया के इस्तीफे की मांग करते हुए आप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
AAP कार्यालय के करीब पहुंचे BJP कार्यकर्ता
प्रदर्शनकारी दो बैरिकेड तोड़कर आप कार्यालय के नजदीक पहुंच गए थे। पुलिस ने किसी तरह से तीसरे बैरिकेड से पहले उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले दिनों प्रदर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की अनुमति मिल गई। अब उन्हें इस्तीफा भी देना होगा।
उत्तराखंड में शुरू होंगे ‘मिशन दालचीनी’, ‘मिशन तिमरू’
BJP ने सिसोदिया की गिरफ्तारी की मांग की
कार्यकर्ताओं को अब जनता के बीच जाकर बताना होगा कि किस तरह से आप सरकार भ्रष्टाचार कर रही है। वह लोगों की गोपनीयता को भंग कर रही है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सिसोदिया को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
जासूसी मामले पर BJP ने आप को घेरा
सांसद मनोज तिवारी दिल्ली सरकार की जासूसी देश की सुरक्षा के लिए गंभीर मामला है। जांच होनी चाहिए कि कहीं आप सरकार गोपनीय जानकारी विदेशियों को तो नहीं दे रही है। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि आप सरकार भ्रष्टाचार करने के साथ विरोधी दलों के नेताओं की मोबाइल की रिकॉर्डिंग करा रही है।
प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक देवराहा, राजन तिवारी, कर्म सिंह कर्मा, प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, असम के सह प्रभारी पवन शर्मा, जम्मू कश्मीर के सह प्रभारी आशीष सूद, विधायक अभय वर्मा व अजय महावर सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।