नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 1 लाख के इनामी अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर यूपी के बरेली सहित अन्य राज्यों में ड्रग की सप्लाई करता था। पुलिस का कहना है गिरफ्त में आया आरोपी ड्रग सप्लाई की चेन की अहम कड़ी था। आरोपित कई सालों से वांछित था। इस पर एक लाख का ईनाम भी घोषित किया गया था।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की शाखा रोहिणी सेक्टर-18 की टीम ने ड्रग सप्लायर जावेद खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि जावेद को नारकोटिक्स सेल ने अपराधी घोषित किया था। साथ ही इसकी तलाश कई सालों से की जा रही थी।
दिल्ली और यूपी में करता था ड्रग सप्लाई
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि आरोपित पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। वह दिल्ली से सटे बरेली सहित यूपी के अन्य जिलों में प्रतिबंधित ड्रग की सप्लाई करता था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जावेद मूलतः पीलीभीत जिले का रहने वाला है। उसका कारोबार दिल्ली और यूपी के कई क्षेत्रों में फैला हुआ था।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
विचित्र वीर ने बताया कि वांछित अपराधी जावेद के संभावित ठिकानों के बारे में एसआई रवि सैनी को जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर हरकत में आई क्राइम ब्रांच की टीम ने जावेद को पीलीभीत से गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों और अभिलेखों से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जावेद खान ने बरेली में दवा आपूर्तिकर्ताओं/ तस्करों का अपना समूह विकसित किया था। स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं की मदद से पूरे भारत में नशीली दवाओं की आपूर्ति करता था।