नई दिल्ली। दिल्ली के दरियागंज इलाके में 8 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपित के बच्ची की मां के साथ अवैध संबंध थे। जिस बारे में बेटी को पता चल गया था।
आरोपित ने एक दिन बेटी का रात में अपहरण कर लिया और दूर जंगल में ले गया। जहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित ने चाकू से उसका गला रेत दिया।
उसकी पहचान छिपाने के लिए आरोपित ने बेरहमी सेचेहरे पर कई बार चाकू से वार किए। आरोपित घटना के 19 दिन बाद गिरफ्तार हुआ, जबकि वारदात के 14 दिन बाद बच्ची की लाश मिली थी, जो सड़-गल गई थी।
चार अगस्त को गायब हुई बच्ची का शव 18 को मिला
पुलिस ने बताया कि आरोपित रिजवान चांदनी महल इलाके का रहने वाला है और तुर्कमान गेट इलाके में वह कसाई का काम करता था। उसके बच्ची की मां के साथ अवैध संबंध थे। एक दिन बच्ची ने झुग्गी में अपनी मां और रिजवान को एक दिन आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
ऐसे में रिजवान ने बच्ची को ठिकाने लगाने के लिए योजना बनाई। मामले में पहले दरियागंज थाना पुलिस ने चार अगस्त को बच्ची की अपहरण की प्राथमिकी पंजीकृत की थी। 18 अगस्त को उसका शव यमुना खादर इलाके में मिला।
इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि हत्या से पहले बच्ची के साथ दरिंदगी की गई। उसके बाद उसका गला काटा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट डाक्टरों यह भी बताया कि जिस तरह से उसका गला काटा गया था, वह किसी पेशेवर का लगता है। गला काटने के बाद उसके चहरे को चाकू से खरोचकर विकृत कर दिया गया था।
रात में गायब हो गई थी बच्ची
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार अगस्त की रात को दरियागंज थाने में एक व्यक्ति ने अपनी आठ साल की बेटी के गायब होने की शिकायत दी थी। व्यक्ति ने बताया कि तीन अगस्त को वह पत्नी और चार बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रहा था। इस बीच उसकी बेटी गायब हो गई।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बीच 18 अगस्त को मासूम का शव बुरी तरह सड़ी-गली हालत में यमुना खादर से बरामद हुआ। स्थानीय पुलिस के इलावा स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर संदीप गोदारा और अन्यों की टीम को जांच के लिए लगाया गया।