ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल प्लाजा से पहले हुए हादसे में मथुरा के गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से विधायक मेघश्याम सिंह की फॉर्च्यूनर में तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में गाड़ी चला रहे नरेश सिंह घायल हो गए। नरेश सिंह को विधायक का भाई बताया जा रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ऐतिहासिक झंडे जी मेले का आगाज, संसार सिंह चढ़ाएंगे दर्शनी गिलाफ
पुलिस ने बताया कि आगरा की तरफ जाते वक्त जेवर टोल प्लाजा से पहले फॉर्च्यूनर में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस कारण फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार को नरेश सिंह चला रहे थे। कार में अन्य कोई व्यक्ति नहीं था। कार में लगा एयरबैग खुलने से उन्हें अधिक चोट नहीं लगी। उन्हें गर्दन व सिर में हल्की चोट लगी थी।
उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर मारने वाले वाहन का अभी पता नहीं चल सका है। एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी की जांच कर अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी की जाएगी। नरेश सिंह की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है।