गाजियाबाद। जरायम की दुनिया से अर्जित की गई 29 करोड़ की संपत्ति पर मुरादनगर पुलिस ने शनिवार को कुर्की की कार्रवाई कर दी। कुर्क हुई संपत्ति में 11 अचल व एक चल संपत्ति है। यह संपत्ति उखलारसी के शेखर चौधरी व ब्रिजेश की थी। दोनों आरोपित हिस्ट्रीशीटर हैं। इनपर हत्या, लूट, रंगदारी, धमकी समेत अन्य जघन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने कुर्की से पहले उखलारसी में ढोल-नगाड़े बजाकर मुनादी की। कालोनी के लोगों को अारोपितों की संपत्ति कुर्क के बारे में बताया। इसके बाद मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया। मुरादनगर के अलावा मोदीनगर में भी आरोपितों की संपत्ति पर भी पुलिस पहुंची।
कुर्की की कार्रवाई के दौरान डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार व एसीपी मसूरी निमिष पाटिल उपस्थित रहे। पुलिस इन संपत्ति के ध्वस्तीकरण की भी तैयारी में है। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसना है। जिससे वे दोबारा जरायम की दुनिया में आने से पहले सौ बार सोचे। अन्य लोग भी आपराधिक वारदात करने से घबराए।
Ghaziabad News: किशोरी को शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
ध्यान रहे कि गाजियाबाद जिले में लगातार पुलिस बदमाशों की संपत्ति को कुर्क कर रही है। कुछ दिन पहले ही लक्ष्य तंवर की भी संपत्ति को कुर्क किया गया था। पुलिस के मुताबिक, कुर्क हुई संपत्ति में शेखर की छह करोड़ और ब्रिजेश की 23 करोड़ की संपत्ति है।
शेखर पर बीस व ब्रिजेश पर दस मुकदमे दर्ज हैं। अचल संपत्ति में शेखर चौधरी की 0.2063 हेक्टेयर, 550 वर्ग मीटर व 0.0420 हेक्टेयर की तीन भूमि और ब्रिजेश की 0.0105 हेक्टेयर, 41.80 वर्ग मीटर, 0.0550 हेक्टेयर, 133.77 वर्ग मीटर, 125.41 वर्ग मीटर/ 62.70 वर्ग मीटर, 124.41 वर्ग मीटर कवर्ड, 300 वर्ग गज (100 वर्ग गज कवर्ड) दो कमरे भूतल, 737.50 वर्ग मीटर की भूमि व मकान शामिल हैं।
इसके अलावा चल संपत्ति में ब्रिजेश की फार्चयूनर कार है। जिसकी कीमत करीब 26 लाख है। डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया कि मुरादनगर के अलावा जिन जगहों पर भी आरोपितों ने जरायम की दुनिया से संपत्ति को अर्जित किया था। सभी पर कुर्की की कार्रवाई की गई है।