ग्रेटर नोएडा। शहर की जलवायु विहार सोसाइटी में घर के बाहर अवैध निर्माण का विरोध करने पर महिला डॉक्टर को शिक्षक और उसके परिवार की महिलाओं ने पीटाई कर दी। महिला डॉक्टर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जलवायु विहार सोसाइटी में डॉ. रश्मि शर्मा और एक शिक्षक का परिवार रहता है। महिला देहात के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर हैं। दोनों पक्षों में घर के बाहर अवैध निर्माण और एसी लगाने को लेकर कुछ दिन से विवाद चल रहा है। शिक्षक पक्ष की महिला ने बुधवार को बीटा-2 थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी ने उनकी तरफ एसी लगा दिया। विरोध करने पर उनके परिवार के साथ मारपीट की गई। पति के सिर पर रॉड से वार किया गया। महिला पक्ष ने छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में छेड़छाड़ और मारपीट की धारा में केस दर्ज किया है।
पत्नी की इच्छा के खिलाफ बनाए शारीरिक संबंध, आईटीबीपी के जवान को दो साल का कारावास
वहीं, महिला डॉक्टर ने शिकायत दी है कि बुधवार को वह अपने पिता के फोन आने पर सोसाइटी में पहुंची। इसी बीच आरोपी पक्ष ने उनके ऊपर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट और अभद्रता की, जबकि उसको चप्पलों से पीटा।
पुलिस ने संज्ञान लिया
पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार की है। इस दिन दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया था। शुक्रवार को इस घटना में महिला डॉक्टर के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए महिला डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाली दो महिलाएं पूजा और प्रियंका को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नोएडा के श्रीकांत की घटना को लेकर मामले ने तूल पकड़ा
नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी द्वारा अवैध निर्माण के मामले में एक महिला के साथ गाली गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इस मामले ने तूल पकड़ा था। इसी तरह जलवायु विहार सोसायटी की घटना को भी लोग नोएडा की घटना से जोड़ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते मामले ने तूल पकड़ा है। सोशल मीडिया पर महिला से मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
जलवायु विहार सोसाइटी में अवैध निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। इसमें एक पक्ष ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने इसमें कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
अभिषेक वर्मा, डीसीपी ग्रेटर नोएडा