नोएडा। नोएडा के सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात पुलिस मुठभेड़ में एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दिल्ली निवासी विशाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से महिला से लूट की सोने की चेन, हथियार और बाइक बरामद की है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा आशुतोष द्विवेदी का कहना है कि कोतवाली पुलिस सेक्टर-29 स्थित अरुण विहार नाले के पास गुरुवार रात 10 बजे चेकिंग पर थी। एक बाइक सवार संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर फरार होने लगा।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस आत्मरक्षा के लिए चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगने के कारण वह घायल हो गया। आरोपित के पास से 29 जुलाई को मॉर्निंग वाक करती महिला से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपित शातिर किस्म का लुटेरा है।
आरोपित के द्वारा नोएडा एवं आसपास के जिले में लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया गया है। आरोपित के खिलाफ दिल्ली के थाना गीता कॉलोनी, मयूर विहार, पश्चिम विहार व सरिता विहार में लूट एवं चोरी के चार मुकदमे पंजीकृत हैं। बदमाश के आपराधिक इतिहास व अन्य जानकारी की जा रही हैं।