जेवर : यमुना एक्सप्रेस वे पर सप्ताहांत में जाम की समस्या गहरा सकती है। लगातार छुट्टियां होने के कारण एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इससे एक्सप्रेस वे पर जाम के हालात बन सकते हैं। हालांकि यमुना एक्सप्रेस वे की संचालन कंपनी का दावा है कि सप्ताहांत में वाहनों के दबाव को देखते अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किमी लंबे यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम की समस्या आम हो चुकी है। सप्ताहांत और त्योहार के दौरान एक्सप्रेस वे पर जाम के हालात गंभीर हो जाते हैं। टोल प्लाजा पर लगती हैं कतारे
वाहनों के दबाव के कारण एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर आधा से एक किमी लंबी कतारे लगती हैं। टोल प्लाजा पार करने में वाहनों को काफी देर लगती है। टोल प्लाजा से जल्दी निकलने के चक्कर में चालक कतार को तोड़ते हैं। चालकों व टोल कर्मी में बहसबाजी होती है।
फास्टैग स्कैनर नहीं करते काम
यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए सभी लेन को फास्टैग कर दिया गया है, लेकिन फास्टैग ठीक से काम नहीं करता। मैनुअल फास्टैग स्कैन करने से अधिक समय लगता है और जाम लगता है। इस सप्ताह गंभीर हो सकते हैं हालात
इस सप्ताहांत में चार दिनों की छुट्टी पड़ रही है। आंबेडकर जन्म दिवस, गुड फ्राइडे, शनिवार व रविवार का अवकाश है। इससे यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए एक्सप्रेस वे का संचालन कर रही कंपनी जेपी इंफ्राटेक ने टोल प्लाजा पर अतिरिक्त कर्मचारी व सुरक्षा कर्मी लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही फास्टैग से टोल वसूली में आने वाले दिक्कतों को दूर किया जा रहा है। शादी समारोह के कारण भी एक्सप्रेस वे पर बढ़ेगा दबाव
आने वाले दिनों में शादी विवाह का सीजन शुरू होने जा रहा है। इसका असर भी यमुना एक्सप्रेस वे पर पड़ेगा। शादी समारोह में आने जाने के लिए बड़ी संख्या में लोग यमुना एक्सप्रेस वे का उपयोग करेंगे। इसकी वजह से भी जाम की स्थिति गंभीर हो सकती है।
सप्ताहांत में लगातार छुट्टियां पड़ रही है। इससे यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। जाम की समस्या पैदा न हो, इसके लिए एक्सप्रेस वे पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
अशोक खेड़ा, वीपी जेपी इंफ्राटेक