गाजियाबाद। इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-2 में शनिवार सुबह एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। पुलिस अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं कर पाई है। उसके सीने पर कई लड़कियों के नाम लिखे (गुदे) थे।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह एक ट्रेन गाजियाबाद की ओर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-2 में एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।
सीने और हाथों पर लिखा था ये
उसके सीने पर कई लड़कियों के नाम लिखे थे और फिर आई लव यू लिखा हुआ लिखा था। दाहिने हाथ पर जय माता दी और ओम लिखा था। बायें हाथ पर त्रिशूल व ओम लिखा था। उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जिले के अलावा आसपास के जनपदों की पुलिस को उसकी तस्वीर व विवरण भेजा गया है। इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।
लोनी में महिला और युवक का शव फंदे पर लटका मिला
लोनी बार्डर व लोनी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला व एक युवक के शव फंदे पर लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजन की तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कही है।