नई दिल्ली। दिल्ली से जबलपुर जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान का बड़ा हादसा टल गया है। 5000 फीट से गुजरते हुए केबिन में धुआं देखते ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। आज सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर इसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। जागरण संवादाता भगवान झा के अनुसार स्पाइसजेट Q400 विमान SG-2962 (दिल्ली-जबलपुर) विमान में 100 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनकी जान बाल-बाल बची। बता दें कि विमान में इतना धुआं था कि लोग हाथों से पंखा झुलाते दिखे।
दूसरे विमान से भेजा गया जबलपुर
जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट सुबह 8 बजे की थी। जिसमें अचानक से तेजी से धुआं फैलते देख लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों को इसके बाद दूसरे विमान से जबलपुर भेज दिया गया है।
पिछले महीने भी टला था बड़ा हादसा
इससे पहले पिछले महीने 19 जून को भी स्पाइसजेट के पटना से दिल्ली जा रहे विमान में आग लग गई थी। विमान के इंजन में खराबी के चलते लगी आग से यात्रियों में हड़कंप मच गया था। उस दौरान विमान में 185 यात्री सवार थे। हालांकि विमान कंपनी ने कहा था कि उड़ान के दौरान एक पक्षी टकराने के चलते यह हादसा हुआ था।
…निकलने लगी थी आग की लपटें
बता दें कि पटना से दिल्ली जाने वाले इस विमान में उड़ान भरते ही आग की लपटे दिखाई देने लगी थीं। विमान में सवार लोगों ने ही आग की सूचना कैबिन क्रू को दी थी। आग देखते ही लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया था जिसके बाद विमान के पायलट को गड़बड़ी की सूचना मिली और उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से वापस लैंडिंग की इजाजत मांग विमान की आपात लैंडिंग पटना एयरपोर्ट पर कराई।