ग्रेटर नोएडा : लोकतंत्र में अपने मताधिकार के प्रयोग के प्रति बेरुखी दिखाने वालों के लिए सूरजपुर की प्रिया ने एक मिसाल पेश की है। प्रसव पीड़ा शुरू होने से महज चंद घंटे पहले विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र में मिले अधिकार के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई है। साथ ही उन लोगों को संदेश दिया है कि जो मतदान के लिए मिले अवकाश को सैर-सपाटे और आराम फरमाने में व्यतीत करने के बजाय अपना फर्ज जरूर निभाएं।
मूलरूप से सूरजपुर कस्बा निवासी मदन शर्मा जिम संचालक हैं। उन्होंने बताया कि वे गर्भवती पत्नी प्रिया को रूटीन जांच के लिए बृहस्पतिवार सुबह कृष्णा अस्पताल लेकर गए थे। वहां चिकित्सकों ने प्रसव के लिए तुरंत ही प्रिया को भर्ती करने की सलाह दी, लेकिन प्रिया लोकतंत्र में मिले मताधिकार के पहले अवसर को गंवाना नहीं चाहती थीं। उन्होंने भर्ती होने से पहले मतदान की इच्छा जताई। पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उनके फैसले की तारीफ करते हुए हौंसला बढ़ाया।
मदन उन्हें मतदान कराने के लिए सूरजपुर स्थित शहीद भगत सिंह कालेज में बने मतदान केंद्र लेकर पहुंचे। वहां पहुंचते ही प्रिया को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। तुरंत मतदान कराने के बाद मदन उन्हें वापस अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। शाम को प्रिया ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद परिवार में खुशियों का माहौल है। बता दें कि ग्रेनो वेस्ट की ग्रीन शायर सोसायटी में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। वहां लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करने के बाद एक महिला को मां बनने का सुख मिला था।