कानपुर। मछरिया के सुरेश मांझी को यातनाएं देकर दिल्ली के नागलोई में छह माह तक भीख मंगवाने वाले गिरोह के सरगना राज नागर और उसकी मां को नौबस्ता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पुलिस के सामने कई राज उगले हैं। पुलिस अब सुरेश को बेचने वाले विजय व उनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
मूलरूप से बिहार में सिवान के गोरियाकोठी के पिपरा गांव निवासी सुरेश मांझी को छह माह पहले मछरिया के गुलाबी बिल्डिंग के पास रहने वाला विजय नट गोरखपुर में काम दिलाने के बहाने ले गया और बंधक बनाकर अपने व रिश्तेदार के घर रखा।
आरोप है कि विजय ने केमिकल डालकर उसे नेत्रहीन कर नई दिल्ली के नागलोई में भीख मंगवाने वाले गिरोह के सरगना राज नागर के हाथों 70 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने तीन दिन पहले राज की मां आशा को किदवई नगर नटवन टोला से पकड़ा था। इसके बाद रविवार को मछरिया में विजय के घर दबिश देकर उसकी मां समेत दो को उठाया।
सहम गए ऑफिस में नाईट शिफ्ट करने वाले, ऑटो से निकल भागे लोग- भूकंप ने दिल्ली को डराया
दोनों का आमना सामना कराने पर उनके बयानों में विरोधाभास मिला लेकिन विजय की मां ने कबूला कि बेटा सुरेश को दिल्ली लेकर गया था। वहीं, आशा ने भी पूछताछ में घटना कबूल की। इसके बाद पुलिस ने आशा से ही फोन करवाकर राज को बुलवाया और उसे सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
सुरेश ने दोनों महिलाओं की आवाज सुनते ही पहचान लिया
सुरेश के भाई रमेश मांझी ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस राज और विजय की मां को कांशीराम अस्पताल लाई थी। दोनों ही महिलाएं जब सुरेश के सामने पहुंचीं तो कुछ बोल नहीं रही थी। पुलिस ने डांटकर सुरेश के सामने बोलने को कहा तो पहले राज की मां आशा ने सुरेश का नाम लेकर हालचाल पूछा, जिस पर सुरेश ने आवाज पहचान ली। इसके बाद विजय की मां की भी आवाज पहचान ली। इस दौरान राज की मां रोने लगी और सुरेश से माफी मांगकर खुद को बेगुनाह बताने लगी, जिसके बाद पुलिस दोनों महिलाओं को वापस थाने ले गई।
सचेंडी से भी कुछ साल पहले एक युवक को ले गए थे
पूछताछ में राज और उसकी मां ने कई राज उगले। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले वे विजय के माध्यम से ही सचेंडी क्षेत्र के एक युवक को अपने साथ नई दिल्ली के नागलोई ले गए थे लेकिन उसकी पहले से ही आंखें खराब थीं। कुछ दिन बाद उसे वापस छोड़ दिया। यह सुनने के बाद पुलिस उस युवक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। वहीं, पुलिस की एक टीम नागलोई जाकर उस स्थान की छानबीन करेगी, जहां विजय और राज भीख मंगवाने के दौरान रखते थे।
भीख मांगने वाले गिरोह के सरगना राज और उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। उन लोगों ने कई और राज उगले हैं। एक टीम नागलोई भी जाएगी और अन्य बंधक रहे लोगों की जानकारी करेगी। -प्रमोद कुमार, डीसीपी साउथ