ग्रेटर नोएडा। मथुरा जिले में यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना समाप्त हो गई है। यमुना नदी का डूब क्षेत्र होने के कारण रिवर फ्रंट विकसित करने में अड़चन है। यमुना प्राधिकरण ने हेरिटेज सिटी परियोजना के अंतर्गत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना थी। हेरिटेज सिटी परियोजना चार किमी के दायरे में विकसित होगी।
धर्म और आध्यात्म की नगरी मथुरा में यमुना प्राधिकरण ने पर्यटन की संभावनाओं में वृद्धि करने के लिए हेरिटेज सिटी परियोजना तैयार की है। प्राधिकरण के मास्टर प्लान दो की पहली परियोजना धरातल पर उतरने से पहले की कई बदलाव से गुजर चुकी है।
नोएडा की सोसाइटी में टहल रही थी बुजुर्ग महिला, बेसमेंट से निकली तेज रफ्तार SUV ने रौंदा, हुई मौत
पहले राया के नजदीक यमुना एक्सप्रेस वे से बांके बिहारी मंदिर तक 16 किमी लंबा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनाकर उसके दोनों ओर विकास की योजना तैयार हुई थी, लेकिन जमीन पर अतिक्रमण के कारण इसकी लंबाई 7.5 किमी कर दी गई। अब एक्सप्रेस वे की लंबाई महज 6.8 किमी रह गई है।
यमुना एक्सप्रेस वे के 77वें किमी से जुड़ा होगा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे
यमुना एक्सप्रेस वे के 77वें किमी से ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे यमुना नदी तक होगा। यमुना नदी पर ब्रज विकास परिषद द्वारा बनाए जा रहे पुल के जरिये यह बांके बिहारी मंदिर तक पहुंच जाएगा। इसकी 100 मीटर चौड़ाई होगी। इसके एक ओर पांच सौ मीटर व दूसरी ओर आठ सौ मीटर में सुविधाएं विकसित हाेंगी।
रिवर फ्रंट की संभावना समाप्त
हेरिटेज सिटी में एक्सप्रेस वे के दोनाें ओर पार्क, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, कथा वाचनालय, योग एवं ध्यान केंद्र, व्यापारिक केंद्र, हाट, होटल, रिजार्ट, इलेक्ट्रिक वाहन पार्किंग आदि को विकसित किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे से बांके बिहारी मंदिर की ओर चार किमी के दायरे में यह सुविधाएं विकसित होंगी।
अगले चरण में यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना थी, जहां लाइट एंड साउंड शो, पार्क आदि भी बनाए जाने थे। प्राधिकरण की सितंबर में हुई बोर्ड बैठक में हेरिटेज सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को स्वीकृति देते हुए चेयरमैन ने रिवर फ्रंट को भी पहले चरण के साथ विकसित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन हेरिटेज सिटी परियोजना में शामिल करीब तीन किमी हिस्सा यमुना नदी का डूब क्षेत्र होना इस परियोजना के आड़े आ गया है। इसलिए रिवर फ्रंट बनाने की योजना लगभग समाप्त हो गई है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ, डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा-
हेरिटेज सिटी परियोजना में यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना समाप्त हो गई है। नदी का डूब क्षेत्र होने के कारण रिवर फ्रंट विकसित नहीं हो सकेगा। शासन को इस बारे में पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के किनारे हेरिटेज सिटी परियोजना विकसित होगी।