नीरज शर्मा की खबर
बुलंदशहर। नगर के गंग नहर स्थित श्री गुरु काष्र्णि उदासीन आश्रम में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में मंगलवार को गोवर्धन पूजा आदि का वर्णन किया गया। इस दौरान मथुरा से आए कथा व्यास स्वामी काष्र्णि विश्वचेतन्य ब्रहचारी ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा में भक्त और भगवान दोनों का वर्णन किया है। कृष्ण लीला विश्व की ऐसी लीला है जिसमें कृष्ण भगवान ने अपनी लीलाओं द्वारा भक्तों का कल्याण किया। कहा कि जो भी भक्त कथा को श्रद्धा और भाव के साथ श्रवण करता है उसके मन के सभी विकार समाप्त हो जाते है और भगवान की भक्ति प्राप्त होती है। कहा कि जीवन में प्रेम का होना जरुरी है। प्रेम और भक्ति के द्वारा ही हम भगवान की प्राप्ति कर सकते हैं और जन्म-मरण के चक्र से छूट सकते हैं। इस दौरान गोवर्धन पूजा की मंगल कथा का वर्णन किया गया तो श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा में प्रदीप गोयल, गोपाल कृष्ण गौतम, सुभाष अग्रवाल और बृजेंद्र लोधी समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हुए।