नोएडा। एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी की वृद्ध पत्नी से विदेशी व्यक्ति ने जन्मदिन पर विदेश से महंगा उपहार भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर 20 थाना पुलिस ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-28 में रहने वाली वृद्ध महिला मधु स्वरूप एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी की पत्नी हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि कुछ समय पहले एक विदेशी व्यक्ति ने ऑनलाइन उनसे दोस्ती की। इसके बाद आरोपी ने उनके जन्मदिन पर विदेश से कीमती उपहार भेजने के लिए उनके घर का पता ले लिया। कुछ दिन बाद ठग ने फिर से महिला से संपर्क किया और उन्हें कीमती तोहफा भेजने की जानकारी दी। इसके कुछ दिन बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को फोन किया और अपने आप को सीमा शुल्क विभाग का अधिकारी बताकर पार्सल छुड़ाने की एवज में सीमा शुल्क जमा कराने को कहा। उसने पार्सल को बहुत महंगा बताया। साइबर ठगों ने महिला को अपने जाल में फंसा कर सीमा शुल्क के नाम पर कई बार में लगभग 20 लाख रुपये ठग लिए। बाद में महिला को ठगी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। सेक्टर 20 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।