नई दिल्ली। स्पेशल सेल ने बृहस्पतिवार रात बुद्धा गार्डन के पास कुख्यात लारेंस बिश्नोई और काला राणा गिरोह के तीन बदमाशों- विवेक पुरी, प्रशांत ¨हजराव और अश्विनी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तीनों बदमाश के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनसे प्वाइंट 32 बोर की तीन सेमी आटोमैटिक पिस्टल, 13 कारतूस और अपराध में इस्तेमाल स्कार्पियो कार बरामद हुई है।
डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों में विवेक पुरी बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है। इसके खिलाफ गोपालगंज के अलावा अंबाला कैंट में चार मामले दर्ज हैं। प्रशांत उत्तर प्रदेश के हापुड़ का निवासी है। इसके खिलाफ पंजाब और हरियाणा में चार मामले दर्ज हैं। वहीं, अश्विनी पलवल का रहने वाला है। इसके खिलाफ भी पंजाब और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं। यह पहले हथियारों की तस्करी करता था।
31 मार्च की देर शाम आठ बजे सेल को सूचना मिली कि लारेंस बिश्नोई और काला राणा गिरोह के तीन बदमाश साइमन बोलिवर रोड पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए स्कार्पियो से आने वाले हैं। एसीपी अतर सिंह और इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में एसआइ राजेश कुमार की टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने कार की रफ्तार तेज कर दी। रास्ता रोकने पर विवेक पुरी और प्रशांत कार से बाहर आकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। सेल की टीम ने भी आत्मरक्षा में एक राउंड फायरिंग की। उसके बाद तीनों को दबोच लिया गया।
डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक, विवेक पुरी गोपालगंज जिले में रंगदारी के चार मामलों में वांछित है। उसने बिहार के कई व्यवसायियों, ज्वेलरों, दुकान मालिकों, मेडिकल स्टोर मालिकों और अन्य लोगों से लारेंस बिश्नोई के नाम से पिछले चार महीने के दौरान रंगदारी मांगी थी। तीनों बदमाशों के खिलाफ बिहार, पंजाब और हरियाणा में रंगदारी और डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, हमला, धमकी, हथियार अधिनियम आदि के ऐसे कई मामले दर्ज हैं।