शाहजहांपुर: महिला डाक्टर का गुरुवार सुबह अस्पताल के चैंबर में दुपट्टे के फंदे से शव लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव नीचे उतार लिया गया था। पति ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
हरदोई जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के परियल गांव निवासी मुलायम सक्सेना की पत्नी डॉ.रुचि सक्सेना ने कांट के कुरियाकला रोड पर अपने साथी माया प्रकाश के साथ मिलकर एवन नाम से अस्पताल खोला था। रुचि अस्पताल परिसर में ही रहती थीं। जबकि उनके पति व अन्य स्वजन अपने घर रहते थे।
चैंबर में फंदे से लटका मिला शव
गुरुवार सुबह करीब तीन बजे रुचि का शव उनके चैंबर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। माया प्रकाश व स्टाफ के अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव फंदे से उतार लिया। करीब एक घंटे बाद किसी अन्य माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची।
मुलायम ने बताया रुचि व माया प्रकाश ने अस्पताल खोलते समय यह तय किया था कि दोनों के स्वजन अस्पताल में नही आएंगे। उन्होंने कहा कि जांच कराई जानी चाहिए। यह हत्या भी हो सकती है। एसओ जयशंकर सिंह ने बताया पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही हैं। स्वजन ने अभी तहरीर नहीं दी है।