नई दिल्ली। शादी का झांसा देकर इंजीनियर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने फरार आइएफएस (भारतीय वन सेवा) अधिकारी अंशुमन राजहंस को कोलकाता के पास सियालदह स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपित वर्ष 2020 बैच का झारखंड काडर का अधिकारी है।
पीड़िता की शिकायत पर विगत 15 मई को राजेंद्र नगर थाने में दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 2017 में अंशुमान राजहंस राजेंद्र नगर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने करने आया था। वह दिल्ली आइआइटी से बीटेक है। इसी दौरान उसकी मुलाकात ठाणे की रहने वाली युवती से हुई। युवती भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
आरोप है कि इसी दौरान अंशुमान ने शादी का झांसा देकर पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो उसने अच्छी रैंक मिलने पर शादी करने की बात कही। उसने तैयारी जारी रखी और वर्ष 2020 में उसका चयन भारतीय वन सेवा में हो गया।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अंशुमान को झारखंड में नियुक्त किया गया। जब उसने शादी करने से मना कर दिया तो पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में शामिल होने के लिए अधिकारी को नोटिस जारी किया गया था।